एटा। सीएस अस्पताल में बने क्वारंटीन सेंटर पर जगह कम पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने उसको बदल दिया। अस्पताल में एकांतवास कर रहे 109 संदिग्धों को आगरा रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल में स्थानांतरित कर दिया गया।
बीते एक माह पूर्व मारहरा रोड स्थित सीएस अस्पताल में 100 बेड का क्वारंटीन सेंटर बनाया गया था।
शुक्रवार की रात अचानक विभाग की ओर से क्वारंटीन सेंटर पर भर्ती 109 संदिग्ध मरीजों को आगरा रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया। वहीं, सीएस अस्पताल को खाली कर दिया गया। सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल सीएस अस्पताल में जगह कम होने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक हो रही थी। इसके चलते सेंटर को बदला गया है।
स्कूल में हो रहीं अव्यवस्थाएं
रातों रात स्कूल को क्वांरटीन सेंटर बनाया गया, लेकिन यहां शनिवार को काफी अव्यवस्थाएं रहीं। इस दौरान एक संदिग्ध को क्वारंटीन कराया गया। वहीं, सेंटर से किसी की सैंपलिंग नहीं हो पाई।
सेंटर बदलने से चर्चाओं का बाजार गर्म
सीएस अस्पताल में जहां शुक्रवार की देर शाम तक संदिग्धों को क्वारंटीन किया जा रहा था। वहीं, अचानक रात के समय सेंटर बदलने से चर्चाओं को बाजार गर्म है। लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा कुछ तय किया गया था, जबकि भुगतान कुछ और किया जा रहा था। इसके चलते सेंटर बदला गया है।
बीते दिनों संदिग्धों को नहीं मिला था भोजन
सीएस अस्पताल में बीते दिनों सुबह 10 बजे तक संदिग्धों को भोजन नहीं दिया गया था। उन्होंने अस्पताल में हंगामा काटा था। इसके बाद सामुदायिक रसोई से अस्पताल में भोजन की व्यवस्था कराई गई थी।
जगह का अभाव था
अस्पताल में जगह का अभाव था। संदिग्धों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। इसके चलते क्वारंटीन सेंटर को बदलना पड़ा।
-डॉ. अजय कुमार अग्रवाल, सीएमओ
प्रशासन से लेनदेन की कोई बात ही नहीं
शुक्रवार की रात सीएमओ ने सेंटर बदलने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां जगह का अभाव है। बड़ी जगह मिल गई है। इसके चलते बदला गया। प्रशासन से लेनदेन की कोई बात ही नहीं है।
मोहित यादव, संचालक सीएस अस्पताल