मारहरा। क्षेत्र के गांव मोद्दिनपुर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल को लेकर फिर से विवाद पनप गया है। 14 अप्रैल को एमएलसी आशीष यादव की पहल पर ग्राम प्रधान राकेश यादव ने प्रतिमा स्थल को भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
आश्वासन के बाद 25 दिन बीतने पर भी प्रतिमा स्थल को भूमि चिन्हित नहीं की जा सकी है, इससे दलित समाज में आक्रोश है। गांव के तेजवीर आजाद, संदीप, सत्यम सागर ने बताया कई वर्ष से गांव में बाबा साहब की प्रतिमा लगना प्रस्तावित है, लेकिन गांव के कुछ लोग प्रतिमा नहीं लगने दे रहे हैं। आंबेडकर जयंती पर एमएलसी आशीष यादव के सामने समस्या रखे जाने पर उन्होंने ग्राम प्रधान से इस संबंध में वार्ता की। इस पर ग्राम प्रधान राकेश यादव ने प्रतिमा स्थल को जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। दलित समाज के आक्रोशित लोगों ने कहा संपर्क किए जाने पर प्रधान हर बार आश्वासन देकर टाल जाते हैं। दलित समाज के लोगों ने बीस दिन में भूमि चिन्हित न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। चेतावनी देेने वालों में अभिषेक, नरेश, देवेंद्र, अंकित, विशाल, अनुराग, हर्ष आदि शामिल हैं।
लेखपाल श्याम सोलंकी से बात हुई है उन्होंने सोमवर को गांव आने का वादा किया है। गांव के अंदर ग्राम समाज की जमीन आंबेडकर प्रतिमा स्थल के चिन्हित की है, लेखपाल के साथ ही उच्चाधिकारियों से बात कर लें, मुझे कोई आपत्ति नहीं है। - राकेश यादव, ग्राम प्रधान
आंबेडकर प्रतिमा स्थल से संबंधित मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। प्रतिमा स्थल से संबंधित निर्णय के लिए उच्चाधिकारियों की सहमति से हो सकेगा। - श्याम सोलंकी, लेखपाल