मिरहची में बाईपास के निर्माण के लिए डाली गई मिट्टी। संवाद
मिरहची। पहली बार गठित हुई नगर पंचायत नगरीय क्षेत्र में एक के बाद एक विकास कार्य कराने से आदर्श की श्रेणी में बनी हुई है। नगर पंचायत की कस्बे से जिन्हैरा गांव को जाने वाले बाईपास मार्ग का निर्माण कराने की तैयारी है। इस मार्ग के निर्माण पर डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है।
कस्बे के मुख्य चौराहे से जिन्हैरा गांव को रास्ता जाता है। इस मार्ग पर वाहनों का लोड बढ़ने और कस्बे के चौराहे पर जाम रहने से लोगों को असुविधा होती है। इसलिए नगर पंचायत ने बाईपास का निर्माण कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए मार्ग पर सीसी और दोनों तरफ पानी की निकासी को नाले का निर्माण कराया जाएगा।
शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने पर लोगों ने राहत महसूस की है। इस मार्ग के निर्माण होने से क्षेत्र के अचलपुर, बुड़ैना, मोहम्मदपुर, गोबरा आदि गांव के लोगों को राहत मिलेगी।
-
कस्बे सहित पूरे नगरीय क्षेत्र की सूरत बदलने का प्रयास है। निरंतर गलियों और सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। प्रत्येक खंभे पर लाइट लगाकर नगरीय क्षेत्र को रोशन करने की व्यवस्था की गई है। -लक्ष्मी उपाध्याय, अध्यक्ष, नगर पंचायत मिरहची