सयुंक्त शिक्षा निदेशक से मिलते शिक्षक संघ के पदाधिकारी ।
- फोटो : ETAH
एटा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के पदाधिकारी बृहस्पतिवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक अलीगढ़ से मिले। जिला विद्यालय निरीक्षक की कार्यशैली को लेकर शिकायत की। 15 सूत्री ज्ञापन पत्र भी दिया।
शिक्षक संघ के संरक्षक गुमान सिंह यादव, जिलाध्यक्ष राजूराम रतन, जिला मंत्री पवन कुमार यादव व सत्यवीर सिंह दिवाकर और पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने ज्ञापन दिया। मांग की गई है कि डीआईओएस कार्यालय में सिटीजन चार्टर शीघ्र लागू किया जाए। ताकि शिक्षक पूर्ण मनोयोग से शिक्षण कार्य कर सकें।
मनोज कुमार शिक्षक आदर्श जनता इंटर कॉलेज रुपधनी, सुरेश कुमार शर्मा शिक्षक गांधी सार्वजनिक इंटर कॉलेज जैथरा विकलांग बोर्ड से चयनित हैं, लेकिन वाहन भत्ता लाभ नहीं दिया गया है। गणेशचंद्र गुप्ता पूर्व प्रधानाचार्य नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज जैथरा 30 जून 2010 को सेवानिवृत्त हो गए हैं लेकिन इनको देय लाभ नहीं मिला है।
इन समस्याओं को लेकर पिछले सप्ताह डीआईओएस कार्यालय गए थे। लेकिन डीआईओएस ने समस्याओं को सुनने से इनकार कर दिया था। इसको लेकर जिले भर के शिक्षकों और संघ के पदाधिकारियों में रोष है।
उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के पदाधिकारियों ने शिक्षकों की समस्याओं संबंधी शिकायती पत्र दिया है। डीआईओएस के कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। पूरे मामले को लेकर पत्र भेजा जाएगा और मिलकर डीआईओएस से वार्ता की जाएगी।
मुकेश कुमार अग्रवाल, जेडी शिक्षा अलीगढ़