कासगंज कलक्ट्रेट में विकास कार्यों की समीक्षा करते कमिश्नर
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। अलीगढ़ के मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। इसमें उन्होंने कहा कि जिले में गोवंश संरक्षण की योजना पर मंडल में सबसे बेहतर काम हुआ है। जिले में 6 अस्थायीगोवंश संरक्षण केंद्र, 5 कान्हा गोशाला व अन्य गोशालाएं संचालित हैं। जिसमें 2511 गोवंश संरक्षित हैं।
मंडलायुक्त ने राशन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि दिव्यांगजनों और 80 वर्ष से ऊपर की आयु के कार्ड धारकों के घर खाद्यान्न पहुंचाया जाए। उन्होंने शाहपुर टहला गांव में अवैध खनन की शिकायत पर गंभीरता से जांच पड़ताल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता मिशन की समीक्षा में कहा कि जहां भी शौचालय बने हैं उनकी सक्रियता की जांच करना भी जरूरी है।
पेट्रोल पंपों के शौचालय सक्रिय हैं या नहीं इसकी जांच भी कराई जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में मात्र लेखपालों पर निर्भर न रहा जाए। टीम गठित कर शिकायत निस्तारण का सत्यापन भी कराएं। उन्होंने कहा कि समस्त सरकारी अधिकारी व कर्मचारी वाहन अधिनियम का पालन सुनिश्चित करें। सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयेाग सभी को करना आवश्यक है। निर्माण योजना में गुणवत्ता को लेकर लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जिले में संचालित निर्माण व विकास योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एंटी रोमियो, भूमाफियाओं, जुआ सट्टा माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। थाना दिवस की शिकायतों का निस्तारण भी समयबद्ध रूप से किया जा रहा है।
इसके बाद मंडलायुक्त ने प्रत्येक निकाय के अच्छे सफाईकर्मी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद अतिरिक्त विश्वकर्मा सम्मान योजना के अंतर्गत टूल किट दी गईं। बैठक में एडीएम योगेंद्र कुमार, सीएमओ डा. प्रतिमा श्रीवास्तव, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी रामायण सिंह यादव, जिला विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव सहित समस्त, उपजिलाधिकारी व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।