एटा। नवंबर माह में दीपावली, भाई दौज समेत कई त्योहार थे साथ ही सहालग भी शुरू हो गई है। इससे कई व्यापारियों ने फर्जी तरीके से माल को जनपद में पहुंचाया। इस दौरान वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों की मोबाइल स्क्वैड टीम ने 12 ऐसे वाहनों को पकड़ा जो बिना बिल्टी और बिल के कर चोरी कर माल ला रहे थे। विभाग ने इनसे करीब 12 लाख 28 हजार का जुर्माना वसूला है।
जिले में बाहर से आने वाले सामान की चेकिंग के लिए वाणिज्य कर विभाग ने एक मोबाइल स्क्वैड टीम गठित की है, जो वाहनों की चेकिंग कर रही है। नवंबर में दीपावली, भाई दौज समेत सहालग का सामान जिले में व्यापारियों ने मंगाया। व्यापारियों ने ज्यादा मुनाफा कराने के चक्कर में बिना बिल और बिल्टी के माल भेजा। इसमें ज्यादातर सामान बिहार, दिल्ली, शिकोहाबाद व फिरोजाबाद आदि से रात में पहुंचाया गया लेकिन मोबाइल स्क्वैड टीम की सघन चेकिंग के चलते ये लोग बच नहीं पाए। करीब 12 वाहनों को पकड़ा गया जो अवैध तरीके से माल को जिले में पहुंचा रहे थे।
नवबंर माह में 8 सौ से ज्यादा वाहनों की हुई चेकिंग
नवंबर माह में बाहर से सामान का आयात करने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस माह में 8 सौ 85 वाहनों की चेकिंग की गई जिसमें 12 वाहन अवैध सामान ले जाते हुए पकड़े गए।
नवंबर माह में 885 वाहनों की सघन चेकिंग की गई थी, जिसमें 12 वाहनों को पकड़ा गया जो अवैध तरीके से माल को जिले में पहुंचा रहे थे। इनसे 12 लाख 28 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
अभिषेक प्रताप सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर, वाणिज्य कर