रंग पंचमी के अवसर पर शुक्रवार को तीर्थनगरी में रंग महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। गंगा भक्त समिति के तत्वाधान में वराह मंदिर से भगवान वराह व मां गंगा की भव्य शोभायात्रा गाजे बाजे के साथ निकाली गई। वराह मंदिर के महंत विदेहानंद गिरि ने श्रद्धालुओं के ऊपर अबीर गुलाल की वर्षा कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। गंगा भक्त समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र भारद्वाज ने पूजन में हिस्सा लिया।
शुभारंभ के बाद शोभायात्रा चक्रतीर्थ, बारू बाजार, चौदहपोर कसरेट बाजार होती हुई मुख्य बाजार कटरा बाजार पहुंची जहां हुरियारिनों ने लठामार होली खेली। पूरे मार्ग में अबीर गुलाल की वर्षा से जहां शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु रंगों से सराबोर नजर आये वहीं सड़कें भी रंगीन हो गई। कटरा बाजार से शोभायात्रा रामसिंहपुरा, कछला गेट, सहावर गेट, कोतवाली रोड, चंदनचौक होती हुई हरि की पौड़ी पहुंची जहां पर मां गंगा व भगवान वराह के पुष्पों से सुसज्जित डोले व श्रद्धालुओं के साथ लोगों ने जमकर फूलों की होली खेली। शोभायात्रा बदरिया, सोमेश्वर चौराहे, गंगागली होती हुई द्वारिकाधीश मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान गंगा भक्त समिति अध्यक्ष सतीश भारद्वाज, अमित अग्रवाल, कैलाश चंद्र कटारे, गिर्राज पाराशर, विष्णु चौधरी, ललित तिवारी, सौरभ उपाध्याय, शैलेंद्र महेरे, दिवाकर सोनी, विष्णु बौहरे, संतोष मिश्र, दीपू चौधरी, इंद्रेश पटियात शामिल रहे। रंगपंचमी महोत्सव शोभायात्रा के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र यादव का गंगा भक्त समिति के अध्यक्ष सतीश भारद्वाज ने फूल मालाएं एवं उत्तरी पहनाकर स्वागत सम्मान किया।
झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
रंगपंचमी शोभायात्रा के दौरान जहां मुख्य रथ को गंगा भक्त समिति के पदाधिकारी सदस्य एवं अतिथि खींच रहे थे। वहीं इस शोभायात्रा में शामिल अन्य झांकियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुईं थीं। इन झांकियों में भगवान सूर्य, भगवान भोलेनाथ, भगवान श्रीकृष्ण, गजानन, मां दुर्गा, अक्रूर जी महाराज आदि की झांकियां प्रमुख थीं।