मंगलवार को हुई बारिश के बीच जीटी रोड से होकर गुजरता ई-रिक्शा। संवाद
एटा। जिले में मंगलवार को सुबह से ही आसमान काले बादलों से घिरा रहा। लगातार दूसरे दिन हुई बारिश ने तपन और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी। सुबह पांच बजे के बाद हवा में ठंडक बढ़ने लगी। काली घटाओं को देखकर लोगों ने अंदाजा लगा लिया था कि मंगलवार को भी बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहेगा।
सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई हल्की फुहारें दोपहर होते-होते तेज हो गईं। ठंडी हवाओं संग गिर रही बौछारों ने शहर का मौसम पूरी तरह बदल दिया। आलम यह रहा कि कई इलाकों में लोगों ने पंखे-कूलर तक बंद कर दिए। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
पिछले एक सप्ताह से लगातार चढ़ रहे पारे में अचानक आई गिरावट ने जनजीवन को राहत दी। बारिश के चलते सड़कों पर भी सामान्य दिनों के मुकाबले कम भीड़ दिखी। दफ्तर व स्कूलों की ओर निकलने वाले लोग सुहावने मौसम का आनंद लेते दिखे। छुट्टी के बाद बच्चे छाता लगाकर घरों को लौटे बाजारों में भी हलचल बढ़ी। किसानों के चेहरों पर भी बारिश को लेकर उत्साह साफ झलक रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी एसके सिंह ने बताया कि बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं हालांकि तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।