एटा। सिविल सर्विसेज जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल्स की तिथि में परिवर्तन कर दिया गया है। पहले यह चयन छह अगस्त को प्रस्तावित था जिसे 13 अगस्त कर दिया गया है। जिला खेल कार्यालय ने कर्मचारियों को समय से प्रतिभाग कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अरविंद यादव ने बताया कि अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं के लिए जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल्स 13 अगस्त को सुबह 11 बजे से जीटी रोड स्थित पं. गोविन्द बल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अधिकारी व कर्मचारी अपनी प्रविष्टि उसी दिन सुबह 10:30 बजे जन्मतिथि संबंधी प्रमाण व विभागीय पहचान पत्र (आईडी कार्ड) के साथ दर्ज करा सकेंगे। बताया कि इस चयन प्रक्रिया में केवल पूर्णकालिक व नियमित सरकारी कर्मचारी ही भाग लेने के पात्र होंगे। परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत, पुलिस विभाग के अध्यापक, सहायक अध्यापक व अन्य स्वायत्तशासी संस्थाओं (ऑटोनॉमस बॉडी) के कर्मचारी इसमें शामिल नहीं हो सकेंगे।
जिला मंडल व प्रदेश स्तर पर होने वाले चयन एवं ट्रायल्स में भाग लेने के इच्छुक कर्मचारियों को अपने कार्यालयाध्यक्ष से कार्यमुक्ति (अवमुक्त) आदेश लाना अनिवार्य होगा। चयन व ट्रायल्स की अवधि को प्रतिभागी कर्मचारियों की ड्यूटी अवधि माना जाएगा व यात्रा भत्ता एवं अन्य देय भत्तों का भुगतान संबंधित विभाग की ओर से किया जाएगा। जिला स्तरीय चयन में वॉलीबॉल, तैराकी, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, भारोत्तोलन, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, ब्रिज, पावरलिफ्टिंग, क्रिकेट और हॉकी सहित विभिन्न खेलों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।