प्रदर्शनी पंडाल में अव्यवस्थाओं को लेकर हंगामा काटते योग करने आए लोग-
- फोटो : ETAH
एटा। जिला प्रदर्शनी में अच्छी व्यवस्थाएं करने के जिला प्रशासन के दावे कोरे साबित हो रहे हैं। वाटर प्रूफ टेंट ओस में टपकने लगा है। वहीं सुबह होने वाला योग कार्यक्रम को बिजली नहीं मिल रही। ऐसे में लोग अंधेरे में ही योग प्राणायाम करने को मजबूर हैं। शहर के सैनिक पड़ाव में चल रही राजकीय जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी में अव्यवस्थाओं के आरोप हैं। जिला प्रशासन के आदेश पर नुमाइश में प्रतिदिन सुबह योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन आयोजकों एवं योग करने वालों को सुविधाएं नहीं मिल रहीं।
कड़ाके की ठंड में पहुंचने वाले लोगों को बिजली की रोशनी तक नसीब नहीं है। इतना ही नहीं लाखों रुपये के वाटर प्रूफ टेंट के टपकने की भी शिकायतें हैं। रविवार के अवकाश के चलते योग करने वालों की संख्या बढ़ गई। सुबह यहां पहुंचे लोग अंधेरे में परेशान दिखाई दिए। तो वहीं टपकती ओस से फर्श गीला मिला। इतना ही नहीं आयोजन को साउंड सिस्टम की सुविधा भी नहीं मिल रही। अव्यवस्थाओं पर आक्रोशित लोगों ने जिला प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी कर विरोध जताया। हालत यह है कि सुबह के वक्त जिला प्रशासन गहरी नींद में सोता है, वहीं दूसरी तरफ लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग होकर भी योग शिविर का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।