मारहरा। बालक के पेट में दर्द होने पर परिजन कस्बे में एक क्लीनिक पर लाए। आरोप है कि यहां चिकित्सक ने बालक को निर्धारित मात्रा से अधिक दवा का इंजेक्शन लगा दिया। इसके कारण बालक की मौत हो गई। कार्रवाई के लिए पुलिस को सूचना दी गई है।
गांव सिरसा बदन निवासी लाखन सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह लगभग 9 बजे भतीजे हर्ष (11) ने पेट में दर्द बताया। उपचार के लिए उसको मारहरा कस्बा स्थित मदन मेडिकल क्लीनिक पर लाए। यहां मौजूद चिकित्सक ने बिना कुछ खाए आए बेटे को इंजेक्शन लगा दिया। आरोप है कि राहत न मिलने पर फिर से एक और इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के बाद हर्ष को घर ले आए। घर पहुंचकर उसको चारपाई पर लिटा दिया।
इसके बाद जब बालक लगभग 2 घंटे तक चारपाई पर टस से मस नहीं हुआ और आवाज लगाने पर कोई उत्तर नहीं मिला तो परिजन को चिंता हुई। पास जाकर देखा तो बालक बेहोशी की स्थिति में था। यह देखकर परिजन घबरा गए और फिर से उसे मारहरा क्लीनिक पर लाए। यहां चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए कासगंज भेज दिया। वहां भी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ तो परिजन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ ले गए। वहां सोमवार की रात लगभग 11 बजे चिकित्सक ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया।
लाखन सिंह ने बताया कि 5 भाई-बहनों में हर्ष दूसरे नंबर का था। मौत की जानकारी घर पर होते ही चीख-पुकार मच गई। तीन बहनों और 1 छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी सीएमओ डॉ. रामसिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच करते हुए कार्रवाई की जाएगी। सीओ सदर संजय कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।