एटा। फसल की कटाई और गहाई का समय चल रहा है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही लोगों को भारी पड़ रही है। थ्रेशर की चपेट में आकर घायल व मौत होने की घटनाएं बढ़ गईं हैं। जैथरा थाना क्षेत्र में एक बालक की थ्रेशर की चपेट में आकर मौत हो गई।
थाना जैथरा के गांव गोटिया कला में बृहस्पतिवार सुबह लगभग 9 बजे गेहूं की गहाई चल रही थी। तभी थ्रेसर की कपलिंग की चपेट में आने से 10 वर्षीय शोएब गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसको लेकर चिकित्सालय पहुंचते, उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता नन्हे ने बताया कि गेहूं की गहाई के समय बेटा थ्रेशर की कपलिंग के पास में ही बैठा हुआ था। अचानक से वह उसकी चपेट में आ गया। जब तक ट्रैक्टर रोका, वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। हम लोग उसको लेकर चिकित्सालय की ओर दौड़े। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। परिजन ने बालक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। संवाद