एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला मयूर विहार निधौली रोड स्थित एक पुलिस दरोगा के घर में 18 अप्रैल की रात चोरी हुई थी। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से चोरी का सामान बरामद किया गया है।
अतुल कुमार ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके पिता उम्मेद सिंह वर्तमान में कासगंज कोतवाली में दरोगा के पद पर तैनात हैं। बताया कि घर का निर्माण चल रहा है। दीवार आधी बनी हुई है। 18 अप्रैल की रात मैं, मेरा भाई अनुराग कुमार, अनुरोध यादव और मां निर्मला देवी लगभग 11 बजे खाना खाकर सो गए। कमरे के बाहर गर्मी की वजह से कूलर चल रहा था। उसकी आवाज में चोरों के आने का पता नहीं चला। सुबह जागने पर पता चला कि घर में रखा लोहे का बक्सा, सूटकेस और मोबाइल फोन नहीं हैं।
कोतवाली नगर प्रभारी अरुण पवार ने बताया कि घटना के बाद से लगातार चोरी करने वालों की पहचान और तलाश की जा रही थी। बृहस्पतिवार की सुबह स्टेडियम गेट के सामने जीटी रोड से पवन उर्फ कातर निवासी मानपुर कॉलोनी थाना कोतवाली नगर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से चोरी किए गए 10 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन और सूटकेस बरामद किया गया है। बताया कि पवन उर्फ कातर के विरुद्ध कोतवाली नगर में पूर्व में भी चोरी व लूट के तीन मुकदमे दर्ज हैं।