नगला भूड़ में मंगलवार की रात तेज बारिश के दौरान एक कच्चे मकान की छत जमींदोज हो गई। मलबे में दबने से वृद्धा की मौत हो गई। वहीं मूसलाधार हुई बारिश के कारण गांव के कई घरों में पानी घुसने से लोग परेशान रहे।
विकास खंड जैथरा के नगला भूड़ में वृद्धा लौंगश्री पत्नी स्व. जिलेदार सिंह अपने दो बेटों के साथ रहती थी। मंगलवार रात बारिश के दौरान उसके मकान की छत गिर गई। सोते समय हुए हादसे में दबने से वृद्धा की मौत हो गई। छत गिरने की आवाज सुनकर गांववाले दौड़े। ग्रामीणों ने मलवा हटाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मृतका के बेटे सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लेखपाल ने भी आकर मौका मुआयना किया है। वृद्धा की अचानक हुई मौत से परिवारीजनों में कोहराम मचा है।
इनसेट
प्रधान ने नहीं आवंटित किया था आवास
बारिश में छत गिरने से मौत के मुंह में समाई नगला भूड़ की वृद्धा लौंगश्री गरीब थी। ग्रामीणों की मानें तो वृद्धा ने कई बार पूर्व प्रधान से आवास की मांग की थी, लेकिन सुविधा शुल्क के अभाव में उसे आवास आवंटित नहीं हो सका था। आरोप है कि दो हजार रुपये सुविधा शुल्क के अभाव में उसे आवास नहीं मिला। आज यही उसकी मौत का कारण भी बन गया।
-----------------
सड़क ऊंची होने से घरों में घुसा पानी
कस्बे में सड़क ऊंची होने के कारण मंगलवार की रात हुई बारिश का पानी कई लोगों के घरों में घुस गया। लोगों ने बुधवार की सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष के घर जाकर शिकायत की। बबलू राठौर, वीरे गुप्ता, पिंकू, नेत्रपाल गुप्ता, शिवानंद, दिनेश चौहान, भूरे आढ़ती, सुरेश चंद्र आदि ने अध्यक्ष से समस्या के समाधान की मांग की।