एटा। शहर के मोहल्ला संजय नगर निवासी श्याम यादव ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि मोबाइल टाॅवर लगाने का झांसा देकर 1 सितंबर से 25 अक्तूबर 2024 के मध्य लगभग 19 लाख रुपये की ठगी की गई।
श्याम यादव ने बताया कि उसका पैतृक गांव गड़रिया शाह नगर टिमरुआ है। 1 सितंबर 2024 को भाई के नंबर पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया और बीएसएनएल का मोबाइल टाॅवर लगाने की बात कही।
उसकी बातों में आकर भाई ने 1 सितंबर से 23 अक्तूबर के बीच कई बार में बताए गए खाते में ऑनलाइन और आरटीजीएस के माध्यम से पैसे डाले। कुल मिलाकर 1905250 रुपये डाले गए। जब उससे टाॅवर लगाने की बात कही तो आरोपी बार-बार टालता रहा। जब हमने उससे पैसे वापस करने के लिए कहा तो फोन पर धमकी देने लगा।
इतना ही नहीं उस अज्ञात व्यक्ति ने कुछ समय बाद ही अपना फोन भी बंद कर लिया।
सीओ सदर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है। साइबर क्राइम टीम आरोपी तक पहुंचने के लिए प्रयास कर रही है।