रामनगर गांव के सपील अलीगंज दरियावगंज रोड पर शुक्रवार को चलते ट्रक से मृत गाय को फेंकते देख ग्रामीणों का पारा चढ़ गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने दो घंटे बाद जाम खोला।
शुक्रवार सुबह चलते ट्रक से किसी ने एक मृत गाय को सड़क पर फेंक दिया। ग्रामीणों ने ट्रक से कुछ गिरा देखा तो उन्होंने पास जाकर देखा तो मृत गाय निकली। इसके बाद ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक काफी दूर निकल चुका था। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बाद भी निष्क्रियता के चलते ट्रक चालक भागने में सफल रहा। इसी से गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस की ग्रामीणों तीखी नोकझोंक हो गई। पुलिस की मशक्कत के बाद ग्रामीणाें ने दो घंटे बाद जाम खोलने की इजाजत दी। पुलिस ने मृत गाय को कब्जे में लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।