अलीगंज में चौपाल के दौरान जानकारी देते सीडीओ नागेंद्र नारायण मिश्र। स्रोत विकास विभाग
एटा। विकासखंड अलीगंज के गांव राई में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी नागेंद्र नारायण मिश्र ने की। चौपाल में गांव स्तर पर चल रही योजनाओं की समीक्षा कर सीडीओ ने खामियों पर नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए।
बीवीजी राम जी योजना के तहत 125 दिन का ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। सीडीओ ने निष्क्रिय स्वयं सहायता समूहों के कार्य पर असंतोष जताते हुए समूह अध्यक्षों को चेतावनी दी कि कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाएं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता देवी को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की सही जानकारी ग्रामीणों तक न पहुंचाने पर फटकार लगाई गई। वहीं ग्रामीण अंचल को हरा-भरा बनाने हेतु ग्रीन चौपाल योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की गई। सीडीओ ने ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाएं आंगनबाड़ी, एनएनएम व आशा कार्यकर्ताओं से नियमित सलाह लें। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के लाभ और पात्रता संबंधी जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। पंचायत सचिव व राशन डीलर को सभी परिवारों की फैमिली आईडी बनाने पर जोर दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी दी। इस मौके पर खण्ड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा, एपीओ अमर दीप तिवारी, एडीओ समाज कल्याण अनुज कुमार, वन दरोगा संजय कुमार, सीडीपीओ कुसुमा यादव, डॉ. अखलाख, सुमित कुमार, सचिव अमित तोमर, योगेंद्र सिंह, रजनीश कुमार, ग्राम प्रधान प्रवेश कुमार आदि मौजूद रहे।