गांव हरसिंहपुर मुरकुटी में ग्रामीणों ने जिन तीन बदमाशों को पकड़ा था पुलिस ने शुक्रवार को तीनों को जेल भेज दिया। वहीं चार अन्य संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
बता दें कि थाना पिलुआ के गांव नगला कंचन में ग्रामीणों ने तीन बदमाशों को पकड़ा। ग्रामीणों ने तीनों बदमाशों को जमकर पीटा। ग्रामीणों ने तीनों को बंधक बना लिया और उनके अन्य साथियों की जानकारी करने का प्रयास किया। जानकारी पाकर एएसपी सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। एएसपी के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों ने बंधक बनाए गए तीनों बदमाशों को पुलिस के हवाले कर दिया। शुक्रवार को पुलिस ने अल्ताफ निवासी जड़ौदा ,राशिद निवासी दक्षिण खालापार ,सलीम निवासी किदवई नगर जिला मुजफ्फरनगर को जेल भेज दिया गया है। चार अन्य संदिग्धों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
इनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। इन चारों की ग्रामीणों से पहचान कराने की भी कोशिश की गई कि उक्त चारों डकैती की वारदात के दौरान साथ थे या नहीं। फिलहाल इन चारों को ग्रामीण पहचान नहीं सके हैं। पुलिस अपने स्तर से पूछताछ कर रही है। सीओ सदर डीएस गर्ब्याल के अनुसार पकड़े गए तीन बदमाशों को जेल भेज दिया गया है। जबकि बाद में हिरासत में लिए चार लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।