पिलुआ थाना क्षेत्र में हाईवे पर गांव सुन्ना के पास सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार। संवाद
एटा। हाईवे पर अलीगढ़ की ओर बृहस्पतिवार देर रात सुन्ना नहर के पास एक ईको कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत परिवार के पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। कासगंज जिले के गंजडुंडवारा निवासी नाजिया ने बताया कि अपनी मां सरवरी बेगम (70) को दवा दिलाने के लिए अलीगढ़ जा रहीं थीं।
कार में चालक अल्ताफ समेत परिवार के छह लोग सवार थे। बृहस्पतिवार देर रात उनकी कार पिलुआ थाना क्षेत्र में सुन्ना नहर के पास पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर सड़क पर विपरीत दिशा में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों व आसपास के ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सरवरी बेगम को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में नाजिया, अल्ताफ, यासिर हुसैन, सायरा और जेहरा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। परिजन महिला के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही अपने साथ ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।
पिलुआ थाना क्षेत्र में हाईवे पर गांव सुन्ना के पास सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार। संवाद