कोल्ड स्टोरेज में आलू रखकर शनिवार की शाम लौट रहे ट्रैक्टर चालक रमाकांत दीक्षित को बोलेरो सवार बदमाशों ने लूट लिया। चालक को बंधक बनाकर बदमाश ट्रैक्टर, 20 हजार रुपये लूट ले गए। बाद में चालक को आगरा के थाना एत्मादपुर के गांव नवलपुर में फेंककर भाग गए। मामले की रिपोर्ट पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध दर्ज करा दी है।
थाना जलेसर के गांव नाहरपुर निवासी रमाकांत दीक्षित शनिवार को सादाबाद स्थित शीतग्रह में आलू रखकर गांव वापस लौट रहे थे। देर शाम करीब साढ़े सात बजे गांव लोहचा-बछेपुरा के सामने भीकम सिंह के खेत के पास बोलेरो सवार लुटेरों ने ओवरटेक कर ट्रैक्टर को रुकवा लिया। गाड़ी से निकले बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर गाड़ी में डाल लिया और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। चालक के जेब में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए।
बाद में चालक को गांव नवलपुर थाना एत्मादपुर जिला आगरा स्थित गेहूं के खेत में डालकर भाग गए। वहां से गुजर रहे दूधिया ने चालक को बाहर निकाला। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। सतर्क हुई पुलिस ने रात करीब 12 बजे कोतवाली नगर स्थित अलीगंज मार्ग से ट्रैक्टर सहित एक बदमाश गुलाब नवी को पकड़ लिया है। अन्य साथियों की तलाश में पुलिस उसे थाना कुरावली क्षेत्र लेकर गई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा।