एटा। कासगंज रोड स्थित एक नर्सिंग होम में कैंसर पीड़िता को खून चढ़ाया गया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा नर्सिंग होम ले गए। वहां उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने नर्सिंग होम में हंगामा भी किया। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन बाद में परिजन बिना किसी कार्रवाई शव को लेकर घर चले गए।
गांव बदरिया निवासी पुष्पपाल सिंह ने बताया कि उनकी 29 वर्षीय पुत्रवधू मिथलेश को कैंसर की बीमारी थी। उसका उपचार बरेली के भोजीपुरा से चल रहा था। समय- समय पर खून चढ़ाने की जरूरत होती थी। बुधवार को पुत्रवधू को लेकर कासगंज रोड स्थित नर्सिंग होम में आए। यहां चिकित्सक ने ही खून मंगाकर चढ़ा दिया। देर शाम घर पहुंचे तो मिथलेश को बेचैनी के साथ घबराहट होने लगी। मामले की जानकारी चिकित्सक को दी।
बाद में उसे नर्सिंग होम ले आए। यहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार की सुबह उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने नर्सिंग होम में हंगामा कर दिया। हंगामा होने पर नर्सिंग होम के कर्मी चले गए। हंगामे की सूचना पर लिप्टन चौकी का पुलिस बल पहुंचा। चौकी प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में सहमति बन गई। शव को बिना पोस्टमार्टम कराए परिजन ले गए। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया महिला कैंसर से पीड़ित थी। खून चढ़ाने के बाद मौत होना बताया गया है। मामले की जानकारी मिली है। नर्सिंग होम पंजीकृत है, शिकायत आने पर जांच कराई जाएगी।