गांव सुमर में टीकाकरण अभियान के दौरान पशुपालकों से बात करते चिकित्सक गौरव गंगवार। संवाद
एटा। राजकीय पशु चिकित्सालय सुमौर के तत्वावधान में शनिवार को गांव में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाया गया। टीम ने घर-घर पहुंचकर 78 परिवारों के कुल 265 गोवंश व महिषवंशी पशुओं को सुरक्षा कवच प्रदान किया।
अभियान के दौरान 247 महिषवंशी और 18 गोवंशी पशुओं का टीकाकरण किया गया। विभागीय टीम ने सभी परिवारों का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर भी दर्ज किया। कार्यक्रम डॉ. गौरव गंगवार की देखरेख में संपन्न हुआ। उनके साथ पशु मित्र सर्वेश कुमार, फैमुद्दीन, कुलदीप कुमार व विजेंद्र पाल सिंह मौजूद रहे। टीम ने पशुपालकों को बदलते मौसम में पशुओं की देखभाल और रोग से बचाव के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही गांव ताजपुर में भी 215 पशुओं का टीकाकरण किया गया। सीवीओ डॉ. आरपी शर्मा ने बताया कि समय पर टीकाकरण से खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।