एटा। जिले में ठगी व टप्पेबाजी की घटनाओं में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। घटना करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। वहीं पुलिस की टीम सीसीटीवी कैमरा खंगालने के बाद भी आरोपियों तक नहीं पहुंच पा रही है। जिले की जनता को पुलिस पर भरोसा है कि पहले तो कोई घटना होगी नहीं और अगर हो भी जाती है तो पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ लेगी। मगर इस समय जिस प्रकार से पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है, उससे जिले में ठगी व टप्पेबाजी की घटनाएं कम होने की बजाय बढ़ती ही जा रही हैं। इतना ही नहीं जो घटनाएं हो जाती हैं, उनका सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पा रही है।
जनवरी से अप्रैल तक 24 मई तक 30 टप्पेबाजी व ठगी की घटनाएं हुई हैं। हाल ही में कोतवाली नगर में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, लेकिन उनका खुलासा नहीं हो सका है। कोतवाली नगर में सीओ सिटी कार्यालय के पास से दो युवक एक जनसेवा केंद्र से लगभग 46 हजार रुपये, एक सेवानिवृत्त फौजी के ऊपर बिस्किट का घोल डालकर 40 हजार रुपये, एक किसान से ई-रिक्शा में बैठकर 50 हजार, भाई की शादी में जा रही एक महिला से कुछ सोने के आभूषण, एक महिला के हाथों से सोने की चूड़ी व अंगूठी, थाना मिरहची क्षेत्र में बाइक सवार व्यक्ति से 1 लाख रुपये , थाना अवागढ़ क्षेत्र में महिला को गाड़ी में बिठाकर नकदी व आभूषण ले गए। इनमें से अधिकतर घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका है।
घटना को छुपाने का प्रयास करती है पुलिस
शहर में ठगी व टप्पेबाजी की लगातार कई घटनाएं हो चुकी हैं मगर अभी तक बहुत सी घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस इन घटनाओं का खुलासा करने की बजाय छुपाने का प्रयास करती दिखाई देती हैं। 22 मई को शहर के मोहल्ला रेवाड़ी निवासी एक महिला के साथ टप्पेबाजों ने ठगी की घटना को अंजाम दिया। मगर कोतवाली नगर पुलिस मामले को छुपाने का प्रयास करती दिखी।
ऐसा लगता है जैसे कहीं बाहर का कोई गैंग इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। फिलहाल जिले का अधिकतर फोर्स लोकसभा चुनावों में लगा हुआ है। शायद उसका गैंग के लोग उठा रहे हैं। टीमें लगी हुई हैं जल्द ही सभी मामलों का खुलासा किया जाएगा।
धनंजय सिंह कुशवाहा, एएसपी