जिला ग्राम्य विकास अभिकरण द्वारा सामाजिक, आर्थिक एवं जातिगत जनगणना-2011 (बीपीएल सर्वे) के अंतर्गत तैयार की गईं सूचियों के प्रकाशन में हुई लापरवाही का खुलासा होने पर गुरुवार को जिला प्रशासन हरकत में आ गया। डीआरडीए विभाग द्वारा आनन-फानन में पालिका को सूची उपलब्ध करा दी गई। दूसरी ओर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों का जवाब तलब किया है।
बता दें कि सूचियों के प्रकाशन की अंतिम तिथि गुजरने के बाद भी डीआरडीए विभाग नगर पालिका को सभी वार्डों की सूचियां उपलब्ध नहीं करा पाया था, जबकि शासनादेश के अनुसार दावे और अपत्तियों लेने की अंतिम तिथि में लगभग एक सप्ताह का समय ही शेष रह गया था। एटा नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं, जिसमें से उसे कुल पांच वार्डों की ही सूचियां प्राप्त हुई थीं। अमर उजाला ने गुरुवार के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रशासन ने मामले में सक्रियता दिखाते हुए नगर पालिका को सूचियां उपलब्ध करा दीं। सूत्रों की मानें तो सीडीओ ने इस संबंध में जल्द ही एक बैठक बुलाई है।
सूची प्रकाशन के मामले में बरती गई लापरवाही की शिकायत पर संबधितों का जवाब तलब किया है। उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पालिका ने सभी वार्डों की सूची प्राप्त कर ली हैं। जिनका प्रकाशन बहुत महत्वपूर्ण है।
- साहब सिंह, सीडीओ