जीटी रोड पर सीएए के समर्थन में जागरूक रैली निकालते प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग साथ में सांसद राजवीर
- फोटो : ETAH
एटा। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में शनिवार प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग के नेतृत्व में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। जोशीले नारे, हाथों में तख्तियां और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट लिए लोग शहर की प्रमुख सड़कों से नारेबाजी करते हुए निकले। सुरक्षा के दृष्टिगत शहर में काफी पुलिस बल तैनात किया गया। पैदल मार्च कलक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर सभा में तब्दील हो गया। यहां डीएम-एसएसपी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
शनिवार का दिन शहर में कोलाहल भरा रहा। जीटी रोड स्थित शहीद पार्क में सुबह से ही भाजपा, विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विद्यार्थी परिषद सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ता जुटने शुरू हो गए। प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग भी गाजियाबाद से आधा घंटा पहले दस बजे लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस पहुंच गए। दोपहर करीब एक बजे प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए शहर की सड़कों पर निकले। उनके साथ सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, विधायक गण विपिन वर्मा डेविड, सत्यपाल सिंह राठौर, संजीव दिवाकर, वीरेंद्र लोधी और ममतेश शाक्य भी चल रहे थे।
पदयात्रा जीटी रोड से होती हुई कलक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर पहुंची। यहां प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि विपक्ष समाज में भ्रम फैला रहा है कि इस कानून के लागू होने के बाद मुस्लिमों को देश से बाहर निकाल दिया जाएगा, जबकि ऐसा कदापि नहीं है। सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने कहा कि कांग्रेस ने इस कानून का विरोध कर साबित कर दिया है कि उसे देश की एकता-अखंडता और महात्मा गांधी के विचारों से कोई लेना देना नहीं है।