कासगंज। इज्जतनगर रेल मंडल के एडीआरएम संजीव नंदन ने मंगलवार को कासगंज जंक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मिली अव्यवस्थाओं को दूर करने के संबंध में दिशा निर्देश दिए। कहा कि कासगंज-बरेली रेल मार्ग के सीआरएस के द्वार चिह्नित की गई रेल पथ की खामियों को दूर किया जा रहा है। शीघ्र कासगंज-बरेली के बीच जून के अंत तक ट्रेन संचालन का भरोसा दिया।
नंदन मंगलवार को सुबह जंक्शन पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने प्रथम श्रेणी यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया। यहां सीटों का उचित रख रखाव न होने के संबंध में स्टेशन अधीक्षक से नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने प्लेट फार्म एक भी का निरीक्षण किया। बुक स्टॉल का एग्रीमेंट शीघ्र कराने के निर्देश दिए। खान-पान की ट्रालियों को भी चेक किया और गुणवत्ता की कमी न होने के निर्देश दिए। पानी की टंकियां भी देखीं। उसके बाद वे प्लेटफार्म नंबर 4, 5, 6, 7 व 8 पर भी गए। उन्होंने अमर उजाला से वार्ता करते हुए कहा कि निरीक्षण में खामियों को सुधारने के निर्देश दिए हैं। बताया कि सीआरएस निरीक्षण में जो खामी बताई गई है उन्हें पहले सही किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जून के अंत तक कासगंज-बरेली के बीच ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इस दौरान डीसीएम यशपाल राना, एईएन मानसिंह मित्तल, स्टेशन अधीक्षक वीके श्रीवास्तव, राकेश गौतम, डा. वी लाल, रवींद्र गौतम, आरपीएफ प्रभारी पीके पांडेय आदि मौजूद रहे।
रेल कर्मियों ने रखी पेयजल की समस्या
कासगंज(ब्यूरो)। एडीआरएम संजीव नंदन के समक्ष रेलवे यूनियन के नेताओं ने मालगोदाम कालोनी एवं लोको कालोनी में पेयजल की आपूर्ति की समस्या रखते हुए उसके निदान की मांग की। यूनियन के लीडर सुंदर सिंह ने कहा कि माल गोदाम कालोनी एवं लोको की कालोनी में पानी की समस्या से रेल कर्मी जूझ रहे हैं। रेलवे के पेयजल पंपों पर कर्मी मनमानी करते हैं। जिससे दिक्कतें होती हैं।