जलेसर के तहसील क्षेत्र के नगला छैया में जब्त किया बुल्डोजर। संवाद
जलेसर। प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी मिट्टी के अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। हर दूसरे-तीसरे दिन कार्रवाई कर वाहन जब्त किए जाने के बाद भी खनन करने वाले बाज नहीं आ रहे हैं। तहसीलदार संदीप सिंह ने शुक्रवार की मध्यरात्रि क्षेत्र के गांव नगला छैया में छापामारी की। यहां से खनन कर रहे लोग मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग जाने में सफल रहे। कार्रवाई में प्रशासनिक टीम ने मौके से एक बुलडोजर जब्त किया है।
एसडीएम पीयूष रावत की हिदायत के बाद भी जलेसर, सकरौली, अवागढ़, नूहंखेड़ा, निधौलीकलां क्षेत्र के गांव में मिट्टी का खनन बड़े स्तर पर हो रहा है। दो माह में प्रशासन ने कई स्थानों पर छापे की कार्रवाई की, लेकिन खनन से जुड़े किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी। तहसीलदार संदीप सिंह ने शुक्रवार मध्यरात्रि को वीरनगर ग्राम पंचायत के नगला छैया में छापे की कार्रवाई की। यहां पर प्रशासन की टीम के सामने लोग मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गए। प्रशासन ने यहां से बुलडोजर बरामद किया है।
रनौसा में जबरन छुड़ा ले गए थे पकड़े गए वाहन
आगरा रोड स्थित रनौसा में नायब तहसीलदार वाजिद हुसैन ने राजस्व टीम के साथ छापामारी कर मिट्टी से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली और बुलडोजर जब्त किया था। टीम के पहुंचने पर खनन कर रहे लोग भाग गए थे। कुछ देर बाद चार पहिया वाहन और बाइक से पहुंचे एक दर्जन से अधिक लोगों ने राजस्व टीम के साथ अभद्रता करते हुए जब्त किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली और बुलडोजर जबरन छुड़ाकर ले गए थे। इस मामले में एसडीएम के हमलावरों को चिन्हित कर कार्रवाई करने को पुलिस से कहा था, लेकिन करीब 15 दिन बीतने पर भी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर अनेक सवाल खड़े होते है।
धीरे-धीरे खनन करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। जल्द ही खनन के नेटवर्क को ध्वस्त कर सभी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छापामारी में जब्त किए गए वाहनों के चेसिस नंबर के माध्यम से उनके मालिकों को पता लगाया जा रहा है। खनन के नेटवर्क से जो भी जुड़ा होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। - पीयूष रावत, एसडीएम