एटा। थाना रिजोर के गांव घंघुरिया में शौच को जा रहे एक किसान को सांड़ ने सींग मारकर घायल कर दिया। उसको गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया, यहां से आगरा रेफर कर दिया गया है। सांड़ों के हमले में सालभर में 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 लोग घायल हुए हैं।
गांव घंघुरिया निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि पिता नरेशचंद्र सोमवार की सुबह खेत की ओर शौचक्रिया के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में एक सांड़ ने उनके ऊपर हमला कर दिया। पेट में सींग लगने से वह बुरी तरह से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास काम कर रहे लोगों ने सांड़ को भगाते हुए पिता की जान बचाई। गंभीर हालत में उनको मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया।
सांड़ के हमले की बात करें तो 1 वर्ष में 10 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 50 लोग घायल हुए हैं। ये आंकड़े मेडिकल कॉलेज व अन्य सरकारी अस्पतालों के हैं। निजी अस्पतालों को जोड़ा जाए तो घायलों की संख्या अधिक हो सकती है। इनमें से ज्यादातर घायल किसान और महिलाएं हैं।
जीटी रोड व अलीगंज रोड पर सबसे अधिक घूमते हैं गोवंश
तमाम सरकारी व्यवस्थाएं होने के बाद भी निराश्रित गोवंश गोशालाओं में नहीं पहुंच पा रहे हैं। इधर-उधर सड़कोंं पर घूमते दिखाई देते हैं, जो सड़क दुर्घटना का बड़ा कारण बनते हैं। जिला मुख्यालय के आसपास की बात करें तो अलीगंज मार्ग और जीटी रोड पर सबसे अधिक गोवंश घूमते दिखाई देते हैं। रात के समय मंडी समिति के दोनों गेट पर काफी संख्या में गोवंश बैठे रहते हैं। इनकी वजह से कई बार हादसे हो चुके हैं।
निराश्रित गोवंशों की जहां से भी सूचना मिलती है, पकड़वाकर पास की गोशाला में पहुंचाया जा रहा है। पूरा प्रयास किया जा रहा है कि कोई निराश्रित गोवंश खुले में न घूमे। -अनिल कुमार सिंह, सीवीओ