एटा। जिला मुख्यालय पर दो बस स्टैंड का निर्माण होना है। इनमें से एक आगरा रोड स्थित रोडवेज वर्कशॉप में बनेगा। जगह चिह्नित करने के बाद प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया। इसके लिए 25 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अभी तक टेंडर न होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
बढ़ती आबादी और प्रदूषण को देखते हुए सरकार की ओर से शहर से बाहर बस स्टैंड बनाने का प्रस्ताव मांगा गया। इस पर एक स्टैंड के लिए आगरा रोड स्थित रोडवेज वर्कशॉप में जगह का चिह्नांकन किया गया। निगम प्रशासन केे अधिकारियों ने यहां बस स्टैंड निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा। शासन की ओर से यहां की भूमि के प्रस्ताव पर निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई।
नक्शा भी बनकर पास हो गया। जिसके बाद 25 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया है। लेकिन अभी तक टेंडर प्रक्रिया न हो पाने के कारण काम शुरू नहीं हो पाया है। इसके कारण शहर के बीचोंबीच स्थित बस स्टैंड से ही गाड़ियों का संचालन हो रहा है।
कम जगह के कारण चालक-परिचालक बसों को बाहर सड़क पर खड़ा करके भरते हैं। इसकी वजह से स्टैंड के सामने जाम लग जाता है और लोगों को पैदल तक निकलने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही टेंडर पास होगा और बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।