आगरा के बालूगंज क्षेत्र से 20 सितंबर की रात बीएसएनएल की करीब 15 लाख रुपये की चोरी हुई कॉपर केबल की वारदात का खुलासा सोमवार को पुलिस ने कर दिया। पुलिस ने आठ आरोपियों को आगरा केसर होटल के पास से गिरफ्तार किया है। मुख्य साजिशकर्ता ठेकेदार की तलाश की जा रही है। आरोपियों से चोरी गई केबल के टुकड़े और खोदने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि आरोपियों ने 325 मीटर केबल 27 टुकड़ों में काट कर झाड़ियों में छिपा दिया था। सूचना के बाद पुलिस ने केबल लेने पहुंचे आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। मुख्य आरोपी लाला ठेकेदार की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बीएसएनएल के एसडीओ ने चीलघर से पीडब्ल्यूडी तिराहे तक चोरी की गई 325 मीटर केबल की शिकायत पुलिस से की। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कुछ लोग केबल के साथ दिखाई दिए।
इसके बाद पुलिस ने फैसल निवासी अररिया बिहार, राघवेंद्र निवासी नगला अजब थाना पचोखरा फिरोजाबाद, वाहिद निवासी अररिया बिहार, मोहम्मद मुस्लिम और शाहिद निवासीगण बुआपुर शुक्र बाजार थाना कौशांबी आनंद विहार गाजियाबाद, आमिर निवासी काकड़ कस्बा थाना तिलहर शाहजहांपुर, सागर निवासी हाजी काॅलोनी शास्त्री पार्क जयपुर, असलम निवासी रघुवीर नगर दिल्ली को गिरफ्तार किया।
वहीं सरगना लाला निवासी नई दिल्ली फरार है। पुलिस ने आरोपियों से खुदाई में इस्तेमाल की गई हाइड्रा, चोरी गई केबल, छह मोबाइल फोन, ब्लेड, आरसी आदि सामान बरामद किया है। पुलिस ने हाइड्रा को सीज कर दिया है। इसे चालक राघवेंद्र मालिक शैलेंद्र निवासी मैनपुरी के कहने पर लाया था।