एटा। थाना जलेसर में मोहल्ला ठगेलान निवासी इख्तियार अहमद ने अपने भाई मुख्तियार अहमद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि भाई मकान में उसके हिस्से पर कब्जा करना चाहता है, विरोध करने पर गालियां देते हुए पीटा।
इख्तियार अहमद ने बताया कि वह ग्लास बीडिंग का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। पिता मुस्ताक अहमद का 2 वर्ष पूर्व देहांत हो गया। दादा इशहाक खान ने एक रजिस्टर्ड वसीयत 4 दिसंबर 2020 को उनके नाम की थी। इख्तियार ने बताया कि इस वसीयत के आधार पर पिता की संपत्ति में उसका भी आधा हिस्सा है। मकान में भाई मुख्तियार अहमद ऊपर के हिस्से में और वह नीचे रहता है।
बताया कि जगह कम होने की वजह से थोड़ी ही दूर दूसरे मकान में परिवार के साथ रहने लगा। इस मकान में अपनी दुकान का व अन्य सामान रख दिया। लगभग 1 महीने पहले शादी समारोह में गया तो भाई ने ताला तोड़कर नकदी और जेवर निकाल लिया। परिवार ने समझा-बुझाकर समझौता करा दिया था। इसके बावजूद 25 मार्च को भाई ने कब्जा करने की कोशिश करते हुए उसके हिस्से में ताला लगाने का प्रयास किया।
अब न तो सामान को रखने दे रहे हैं और न ही निकालने दे रहे हैं। जान से मारने की धमकी देते हैं और कहते हैं कि अगर यहां रहेगा तो तुझे जिंदा नहीं छोडूंगा। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है।