एटा। थाना कोतवाली नगर में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता निवासी ठंडी सड़क ने विशाल तायल निवासी डी 20 फ्लोर मॉडल टाउन पार्ट 2 दिल्ली सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि पुत्री से अतिरिक्त दहेज में दो करोड़ रुपये मांगे। मांग पूरी नहीं की तो जान से मारने की धमकी दी।
सुरेंद्र प्रकाश ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री शिवानी का विवाह 25 अप्रैल 2024 को विशाल तायल के साथ किया था। वर पक्ष की मांग के मुताबिक दो बार में 20-20 लाख रुपये दहेज में दिए। इनके अलावा 70 लाख रुपये के जेवरात बनवा कर दिए। वहीं, 85000 की घड़ी, 100000 रुपये की सोने की चेन, 200000 रुपये नकद और करीब डेढ़ लाख रुपये की अंगूठी भी दी। कुल मिलाकर विवाह में लगभग दो करोड़ रुपये खर्च किए गए। पुत्री विदा होकर जब अपनी ससुराल पहुंची तो वहां पति और ससुर ने कहा कि तेरे पिता ने हैसियत के मुताबिक दहेज नहीं दिया है। घर से 2 करोड़ रुपए और लेकर आओ।
आरोप है कि विरोध करने पर पुत्री को बुरी तरह से प्रताड़ित करने लगे। कहा कि 10 दिन में मांग पूरी नहीं की तो अच्छा नहीं होगा। इस बात की जानकारी पुत्री ने फोन के माध्यम से दी तो हम लोग वहां पहुंचे और समझौता कराने का प्रयास किया। लेकिन, वह लोग नहीं माने और फिर से पुत्री को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। जान से मारने की नीयत से कुछ गोलियां खिला दी, जिससे बेटी की हालत बिगड़ गई। इसके बाद वह लोग बेटी को मेरे नोएडा स्थित फ्लैट पर छोड़कर भाग गए। एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और कार्रवाई की जा रही है।