बर्न वार्ड में जमीन पर रखे वैक्सीन के बॉक्स। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। मेडिकल कॉलेज स्थित बर्न वार्ड में बनाए गए टीकाकरण केंद्र के बाहर कोविड वैक्सीन के बॉक्स शुक्रवार की सुबह लावारिस हाल छोड़ दिए गए। तीन घंटों तक ये इसी हाल में पड़े रहे। वैक्सीन लगाने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। जिसके चलते लोग टीकाकरण कराने के लिए भटकते रहे।
एक ओर स्वास्थ्य विभाग लोगों को टीकाकरण कराने के लिए जागरूक कर रही है ताकि लक्ष्य को पूरा किया जा सके। वहीं दूसरी ओर कुछ स्वास्थ्य कर्मी लापरवाही बरत प्रयासों केे फीका कर रहे हैं। मेडिकल कॉलेज स्थित बर्न वार्ड में बनाए गए टीकाकरण केंद्र पर शुक्रवार सुबह कर्मचारी वैक्सीन बॉक्स छोड़कर नदारद हो गए। तीन घंटों तक लावारिस स्थिति में वैक्सीन पड़ी रही।
मरीज सुबह नौ बजे से ही टीकाकरण कराने के लिए केंद्र पर पहुंचने लगे, लेकिन स्वास्थ्य कर्मी दोपहर 12 बजे तक नहीं पहुंचे और लोग टीकाकरण कराने के लिए भटकते रहे। मेडिकल कॉलेज स्थित टीकाकरण केंद्र को संचालित करने की जिम्मेदारी एमओआईसी मंडी समिति डॉ. रिषभ सक्सेना की है। जब इस संबंध में उनसे बात की गई तो, जानकारी करता हूं, कहकर कॉल काट दिया।