अलीगंज। तहसील बार एसोसिएशन के दोनों गुट के निर्वाचित अध्यक्षों के बीच टकराव दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। दोनों अध्यक्ष ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए एसडीएम जगमोहन गुप्ता से शिकायत की है। टकराव बढ़ने से अधिवक्ता संशय में हैं, अधिवक्ताओं ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस बल तैनात किए जाने की मांग की है।
एक सप्ताह पहले निर्विरोध निर्वाचित हुए बार के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा एडवोकेट ने एसडीएम से की शिकायत में अपने चेंबर की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत में उन्होंने दूसरे पक्ष पर 24 घंटे में चेंबर तोड़े जाने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में चेंबर को नुकसान पहुंचने की आशंका जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चत किए जाने की मांग की है, ताकि उनका चेंबर सुरक्षित रह सके।
शिकायत में अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस बल तैनात किए जाने की मांग की गई है। दूसरे गुट के अध्यक्ष महेंद्र शाक्य ने पत्र जारी कर तहसील परिसर में अव्यवस्था का मुद्दा उठाया है। पत्र में कहा है कुछ अधिवक्ताओं ने बार हाल के बरामदे में कुर्सी-मेज लगाकर अतिक्रमण कर रखा है। बाइकें खड़ी रहने से आने-जाने में दिक्कत होती है। तीन दिन में बरामदा खाली करने की चेतावनी दी है। दोनों गुटों के बीच लंबे समय से चल रहा शीतयुद्ध के गर्मी पकड़ने से अधिवक्ताओं को अनहोनी की आशंका है।