एटा। त्योहार के चलते व्यापारियों ने दुकानों को फुटपाथ तक सजा दिया था। पर्व बीत जाने के बाद भी अतिक्रमण बरकरार है। हर रोज लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। इसके बाद भी जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं है।
इन दिनों जाम बड़ी समस्या बनी हुई है। खासतौर से जीटी रोड पर वाहनों का निर्बाध बढ़ना मुश्किल हो गया है। रेलवे पुल से लेकर अलीगंज चौराहे तक निकलने में कम से कम 35-40 मिनट लग जाते हैं। शनिवार को भी कई मार्गों पर जाम की वजह से हालत खराब थी। जाम लगने का एक कारण अतिक्रमण भी है। इतना जाम लग जाता है कि लोग पैदल भी नहींं निकल पाते हैं। लोगों का कहना है कि अगर फुटपाथ खाली हो तो पैदल राहगीरों के अलावा दुपहिया वाहनों को भी निकलने में कोई दिक्कत न हो।
जीटी रोड पर लक्ष्मीबाई स्कूल के आसपास अतिक्रमण
शहर के प्रमुख मार्ग जीटी रोड पर दुकानदारों ने सबसे अधिक अतिक्रमण किया है। लक्ष्मीबाई स्कूल के आसपास काफी संख्या में दुकानदार सामान को सड़क के बाहर लगाए हुए हैं। जिसके चलते पूरा फुटपाथ घिरा हुआ है। जाम लगने का सबसे बड़ा कारण यही है, जिसके चलते लोग कभी-कभी पैदल भी नहीं निकल पाते हैं।
बस स्टैंड के आसपास भी अतिक्रमण का डेरा
शहर के बीचोंबीच स्थित बस स्टैंड के आसपास भी अक्सर जाम लग जाता है। अतिक्रमण होने के कारण उधर से गुजरने वाले लोग परेशान हो जाते हैं। दिवाली पर फुटपाथ से सड़क तक दुकानदारों ने सामान लगा दिया था। 10 दिन बीत जाने के बाद भी उसको हटाने का नाम नहीं ले रहे हैं। जो कि जाम का कारण बन रहा है।
शहर में जाम की समस्या हो रही है। नगर पालिका को निर्देशित कर अतिक्रमण हटवाया जाएगा, जिससे समस्या से लोगों को राहत मिले। - सत्य प्रकाश, एडीएम प्रशासन