शिवालयों में गूंजायमान बम-बम भोले
- फोटो : अमर उजाला
सावन के दूसरे सोमवार को पूरे जनपद जिले भर में भोले की भक्ति की उमंग रही। भक्ति आस्था के साथ श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचे। भोर के साथ शुरू हुआ पूजा पाठ का क्र म देर सांय तक चलता रहा।
भोर की किरण के साथ ही प्राचीन भूतेश्वर मंदिर पर बड़ी संख्या में भक्त भोले बाबा की पूजा अर्चना को पहुंचे। हाथ में सजी पूजा की थाली और कलश में जल लेकर श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचे। यहां भक्तों ने भोले बाबा को बेल पत्र, बेल, भांग, धतूरा, प्रसाद, फूल अर्पित करने के बाद जल चढ़ाकर भगवान की अर्चना की। कई भक्तों ने पंचामृत से भगवान शिव का रुद्राभिषेक भी किया। ऊं नम: शिवाय के जयकारे मंदिरों के आसपास गूंजते रहे। सबसे अधिक भीड़भाड़ भूतेश्वर एवं चांमुडा मंदिर परिसर पर रही, जहां पर भक्तों को मंदिर में अंदर प्रवेश करने का इंतजार करना पड़ा है। देव मंदिरों पर भी भक्तों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए व्यवस्थापकों ने व्यापक व्यवस्थाएं की। देर सांय तक पूजा पाठ का क्रम अनवरत रूप से जारी रहा। सांय के समय कई शिवालयों में भगवान भोलेनाथ एवं शिव परिवार का विशेष श्रंगार किया गया, जिसके दर्शन को भक्त सांय के समय भी मंदिरों में पहुंचे। घंटे की आवाज एवं धूप, दीप की सुगंध वातावरण में भक्तिमय माहौल का एहसास करा रही थी। कई मंदिरों पर महिला श्रद्धालुओं ने ढोलक मजीरों की थाप पर शिव पार्वती विवाह का गायन किया। सावन के सोमवार में मन की मनोकामना पूरी होने के लिए कई भक्तों ने दूसरे दिन भी व्रत उपवास रखे और व्रत के दौरान फलाहार कर भगवान शिव की आराधना की।