गुरुग्राम में नाैकरी कर रहे युवक की गांव में पेड़ पर लाश लटकी मिली। गांव आने की युवक ने परिजनों को सूचना भी नहीं दी थी। युवक के प्रेम प्रसंग में आत्मघाती कदम उठाने की बात कही जा रही है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव हत्सारी के बाहर 22 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ पर लटका मिला। युवक गुरुग्राम में कोरियर का काम करता था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। माैके पर पुलिस पहुंच गई।
विज्ञापन
रविवार सुबह ग्रामीण खेतों में काम करने जा रहे थे, तभी उन्हें पेड़ पर युवक का शव लटका दिखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय विवेक पुत्र शीशराम शनिवार की देर रात अपनी बाइक से गुरुग्राम से वापस अपने गांव लौटा।
वापस आने की सूचना युवक ने अपने परिजनों को नहीं दी थी। युवक की बाइक आम के पेड़ के पास खड़ी मिली। शव बेल्ट के सहारे पेड़ पर लटका मिला। युवक का गांव की किसी महिला से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। मृतक के चाचा रत्नेश ने अलीगंज थाना पुलिस को तहरीर दी है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
थाना प्रभारी अलीगंज निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।