मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में मरीजों को देखते चिकित्सक। संवाद
एटा। सर्दी के मौसम में ज्यादातर लोग वायरल बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। वायरल बुखार में भी अलग तरह के लक्षण दिख रहे हैं। इसमें बदन दर्द, प्लेटलेट कम होने से लोग परेशान हैं। 350 वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों ने बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज में उपचार लिया।
मेडिकल कॉलेज में सुबह 8 बजे से पर्चे बनना शुरू हो गए। बृहस्पतिवार को मेडिसिन विभाग में सबसे अधिक मरीजों ने उपचार लिया। इसमें वायरल बुखार के 350 मरीजों ने उपचार लिया। चिकित्सक को अपनी बीमारी बताते हुए मरीज खुशीराम ने बताया कि तीन दिन से सिर दर्द के साथ बदन टूट रहा है। निजी क्लीनिक पर जांच कराई तो प्लेटलेट भी कम हो गए हैं।
डॉ. गुरुवचन ने बताया कि वायरल बुखार में इस तरह के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। वायरल बुखार से पीड़ित मरीज को कम से कम सात दिन तक दवाओं का सेवन करना चाहिए। इसके बाद ही वायरल बुखार से निजात मिल सकेगी। वहीं 200 मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम और अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों ने उपचार लिया। चिकित्सकों ने लक्षण के आधार पर मरीजों की जांच कराई। इस दौरान गंभीर मरीजों को सामान्य वार्ड में भर्ती कराया। सामान्य वार्ड में बृहस्पतिवार को करीब 20 मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा था।
इन बातों का रखें ध्यान
- ठंडी चीजों का सेवन न करें।
- सुबह व शाम को गरम कपड़े पहनें।
- गुनगने पानी का सेवन अधिक से अधिक करें।
- गंभीर स्थिति में चिकित्सक से संपर्क करें।