एटा। विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज जिला प्रशासन की ओर से विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह दिवस नए मतदाताओं को जोड़ने और संशोधन के लिए अहम अवसर है।
उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर प्रकाशित मतदाता सूची व आवश्यक प्रपत्र-फार्म-6, 6ए, 7 व 8 के साथ मौजूद रहेंगे। 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिक फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।
इसके अलावा किसी प्रविष्टि में संशोधन, फोटो पहचान पत्र में सुधार, दिव्यांग मतदाताओं का चिन्हांकन, निवास परिवर्तन और मृतक, शिफ्टेड, डुप्लीकेट व अनुपस्थित प्रविष्टियों को हटाने हेतु संबंधित प्रपत्र बीएलओ/ईआरओ के पास जमा किए जा सकते हैं। मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्य www.voters.eci.gov.in व ECI NET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी किए जा सकते हैं। 1 अप्रैल 2026, 1 जुलाई 2026 और 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले पात्र युवक-युवतियां भी फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।