जलेसर। क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात बीएलओ शिक्षक को कुछ लोगों ने पीटा और सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। पीड़ित शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने महिला सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बनवारीपुर निवासी विनोद कुमार ने प्राथमिकी में लिखा है कि प्राथमिक विद्यालय मुसियार में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में बीएलओ के साथ ही एसआईआर का कार्य भी देख रहे हैं। लिखा है कि 2 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे विद्यालय परिसर में सरकारी कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान उनकी पत्नी पूनम अपने भाइयों संजय व सूरज निवासी अंबेडकर नगर कोतवाली नगर और मोनू निवासी मोहनपुर जिला हाथरस तीन अज्ञात व्यक्तियों के साथ स्कूल पहुंचीं। आरोप है कि सभी ने विद्यालय परिसर में हंगामा करते हुए सरकारी दस्तावेज, एसआईआर फार्म और हाजिरी रजिस्टर फाड़ दिए।
विरोध करने पर शिक्षक पीटने लगे। बीच-बचाव करने आई शिक्षक की बहन खुशबू के साथ भी अभद्रता और धक्का-मुक्की की। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मामले में महिला सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।