कासगंज। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष के चुनाव में कई महारथियों को पछाड़ कर केपी सिंह सोलंकी जिलाध्यक्ष बन गए हैं। बुधवार देर रात इसकी घोषणा हुई। इसी के चलते बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक उनके गांव पहुंच गए और फूल मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
जिलाध्यक्ष के चुनाव में 11 भाजपा नेताओं ने नामांकन किया था। इनमें केपी सिंह के अलावा, गौरी शंकर शर्मा, नीरज शर्मा, कौशल साहू, अनिल पुंढीर, योगेंद्र सिंह चौहान, संपूर्णानंद भारद्वाज, महेंद्र बघेल, रमाकांत मिश्रा, लाड़ले सिंह सोलंकी शामिल थे। जिले के चुनाव प्रभारी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजा वर्मा नामांकन प्रक्रिया पूरी कराकर प्रपत्र लखनऊ ले गए थे।
बुधवार देर रात उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी आशुतोष टंडन गोपाल ने जिलाध्यक्ष की घोषणा की। केपी सिंह के जिलाध्यक्ष बनते ही कार्यकर्ताओं में उन्हें बधाई देने की होड़ लग गई। तमाम कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से स्वागत कर बधाई दी। इस दौरान भाजपा नेता श्यामसुंदर गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा की जिला प्रभारी मिथलेश वर्मा, क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष वरुण चौहान, सचिन सोलंकी, गौरव चौहान, अंकित पुंढीर, अखंड प्रताप, अभिषेक सोलंकी, संदीप जाधव, शिव कुमार, राजवीर भल्ला, शरद गुप्ता, केके सक्सेना सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।