एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में एक बाइक सवार दुकानदार की हादसे में मौत हो गई। घटना तब हुई जब दुकानदार खाना खाने अपने घर जा रहा था। गांव के पास पहुंचते ही एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
गांव नगला समल निवासी सचिन कुमार ने बताया कि पिता सुभाष चंद्र (50) गांव नगला डूडा पर किराने की दुकान करते हैं। रोज की तरह मंगलवार को दोपहर 3 बजे के लगभग बाइक से खाना खाने घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव के समीप पहुंची, तभी एक कार से टक्कर हो गई। जिसके चलते पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही हम लोग एंबुलेंस के माध्यम से उनको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए आगरा के लिए रेफर कर दिया।
सचिन ने बताया कि रास्ते में टूंडला के समीप पहुंचते ही पिता की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। दूसरी ओर नीलिमा निवासी जगन्नाथपुरी थाना कोतवाली नगर सड़क किनारे खड़ी हुई थी, तभी एक बाइक की चपेट में आने से घायल हो गईं। परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज आए, यहां इनका उपचार चल रहा है। विपिन निवासी नयाबांस थाना मिरहची को गांव के पास ही किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में इनका भी उपचार चल रहा है।