एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पल्लेदार की मौत हो गई। अन्य सड़क हादसों में 6 लोग घायल हुए हैं, इनका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव ककरावली निवासी सानू ने बताया कि उसके चाचा दुर्वेश (41) गल्ला मंडी में पल्लेदारी का काम करते हैं। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार की रात भी वह गल्ला मंडी से घर आने के लिए बाइक से निकले थे। महिंद्रा एजेंसी के सामने एक होटल पर खाना खाने के लिए जैसे ही बाइक खड़ी की, पीछे से ट्रक की टक्कर हो गई। जिसके चलते चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायल को मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर घर में चीखपुकार मच गई। थाना प्रभारी ने बताया कि किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं आई है, आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
उदयवीर सिंह और अरविंद निवासी नरहरा थाना कोतवाली देहात दावत खाकर लौट रहे थे। रास्ते में विरामपुर के पास गोवंश की चपेट में आने से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे शीतलपुर निवासी जीतू ने इनको एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। यहां उपचार चल रहा है। इसके अलावा अन्य सड़क हादसों में आशीष कुमार, रोहित भदोरिया और मनीष निवासी धारिकपुर थाना बागवाला, विकास निवासी भगीपुर थाना कोतवाली नगर घायल हुए हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।