एटा/निधौली कलां। थाना निधौली कलां क्षेत्र में बाइक और कैंटर की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। दुर्घटना के बाद कैंटर चालक फरार हो गया। अन्य सड़क हादसों में 3 लोग घायल हो गए, इनमें से 2 को रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के धौलेश्वर के पास शनिवार शाम एक बाइक और कैंटर में टक्कर हो गई। कैंटर में गेहूं भरा हुआ था। ये सिकंदराराऊ की ओर से आ रही थी। बाइक निधौली कलां की ओर से जा रही थी। हादसे में बाइक चालक हृदेश कुमार (25) निवासी धोलेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर बैठा हुआ दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने घायल को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भिजवाया है। दुर्घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सीओ जलेसर कृष्णमुरारी दोहरे ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, थाना व कस्बा एका थाना रिजोर निवासी अमरपाल को रेलवे पुल के नीचे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसके कारण वह घायल हो गया। शिव प्रताप निवासी पलिया थाना निधौली कलां नहर पुल के पास बाइक फिसलने से घायल हो गया। थाना कोतवाली नगर के मोहल्ला नारायण नगर निवासी रोहित की बाइक आगरा रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।