एटा आगरा रोड पर जानलेवा हुए गड्ढों ने आखिर सोमवार को दो लोगों की जान ले ली। कोतवाली देहात क्षेत्र में नगला किसी के पास दंपती की बाइक एक गड्ढे में आकर सड़क पर गिर गई। पीछे से आ रहे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। जिसमें उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा बसुंधरा निवासी पूरन सिंह (45) अपनी पत्नी रीता (38) लेकर मनसा देवी के दर्शन करने के लिए निकला था। मिरहची थाना क्षेत्र के गांव नगला बनुआ में पिछले काफी समय से एक कन्या देवी के रूप पूजी जा रही है। रविवार को इसी मंदिर पर देवी के दर्शन करने के लिए दोनों लोग बाइक से गए थे। वहां दर्शन किए, प्रसाद चढ़ाया और उसके बाद वापस घर आने के लिए चल दिए। प्रत्यक्षदर्शी रामेंद्र कुमार निवासी गांव सैलार ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र में आगरा रोड पर गांव नगला किसी के पास सड़क काफी खराब है। गड्ढे छोटे, मगर गहरे हैं जिसकी वजह से आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं।
ऐसे ही एक गड्ढे में पूरन सिंह की बाइक का पहिया चला गया। जिससे बाइक सहित दोनों लोग सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने दंपती को रौंद दिया। पूरन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में रीता को मेडिकल कॉलेज में लाया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी भी मौत हो गई। जिसके बाद इनके पास मिले मोबाइल फोन के माध्यम से परिजन को सूचित किया गया। जावड़ा चौकी प्रभारी मुकुल कुमार ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक को पकड़ लिया गया है। ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।