जिला प्रदर्शनी में आए महाभारत धारावाहिक में ‘भीम’ की भूमिका निभाने वाले प्रवीन कुमार ने कहा कि जिस युवक का शरीर स्वस्थ और बेहतर शारीरिक रचना है उसका जीवन सुखी है। उन्होंने कहा कि यदि शरीर स्वस्थ होगा तो हम अपने दुश्मनों को आसानी से पटखनी दे सकते है। जब हम खुद ही स्वस्थ नहीं होंगे तो दुश्मनों को क्या मात देंगे।
गुरुवार शाम जिला प्रदर्शनी में बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में शिरकत करने पहुंचे प्रवीन कुमार को देखकर पंडाल में प्रशंसकों ने अपनी जगह से उठकर तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया। उन्होंने जिला जज केके शर्मा की तारीफ करते हुए प्रतियोगिता में शिरकत करने के लिए आभार व्यक्त किया। प्रवीन ने कहा कि हम सभी को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना होगा। इस दौरान उन्होंने महाभारत के बेहतरीन डायलॉग सुनाए तो दर्शकों ने जमकर तालियां बजाई। कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे फिल्म बजरंगी भाईजान के कलाकार मुन्ना बजरंगी ने भी जिले वासियों की तारीफ की। बजरंगी ने खुद के द्वारा बोले गए जिगर, बजरंगी भाई जान और एलान-ए-जंग के भी डायलॉग सुना कर वाहवाही बटोरी। सनी देओल, बॉबी देओल जैसे अभिनेताओं के साथ काम कर चुके राकेश राजपूत ने मंच पर अपना अनुभव सांझा करते हुए अपनी फिल्मों के डायलॉग सुनाए।
बाक्स
सिल्वर मेडलिस्ट संजना ने बटोरी तालियां
सहारनपुर से आई सिल्वर मेडलिस्ट संजना ने गुरुवार को उपस्थित अतिथियों से वाहवाही लूटी। उन्होंने जिम्नास्टिक डांस पर तालियां बजाई। संजना ने बताया कि वह देश में होने वाली मिस इंडिया 2015 प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीत चुकीं हैं। कहा लड़कियां किसी कम से नहीं है। अगर लड़कियों को भी प्रोत्साहन मिले तो वह विदेश में जाकर देश का परचम फहरा सकती है।