शहर के स्टेडियम में बास्केटबॉल खेलते खिलाड़ी। संवाद
एटा। शहर के जीटी रोड स्थित पंडित गोविंद वल्लभ पंत स्टेडियम में खेले गए मैत्री बास्केटबॉल मुकाबले में टीम ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम बी को 21-19 से पराजित कर जीत दर्ज की। दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा। खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
मैच की शुरुआत से ही टीम ए ने आक्रामक रुख अपनाया। खिलाड़ियों ने तालमेल के साथ खेलते हुए विरोधी टीम पर दबाव बनाए रखा।
पहले हाफ के समापन तक टीम ए ने 15-10 से बढ़त हासिल कर ली थी। टीम बी ने भी वापसी के लिए कई प्रयास किए लेकिन टीम ए के खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त बरकरार रखी।दूसरे हाफ में टीम बी ने बेहतर खेल दिखाते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच अंक हासिल करने की होड़ लगी रही।
हालांकि टीम ए ने संयम और बेहतर रणनीति के दम पर मुकाबले में 21-19 से जीत हासिल की। टीम ए की ओर से कप्तान शुब्रत ने शानदार प्रदर्शन किया और जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं टीम बी के कप्तान देवांश अपनी टीम की ओर से सर्वाधिक 12 अंक हासिल करने वाले खिलाड़ी रहे। रेफरी की भूमिका मुकेश ने निभाई।