शहर के स्टेडियम में खिलाड़ियों द्वारा बास्केटबॉल कोर्ट में लगवाई गईं लाइटें। संवाद
एटा। बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने स्वयं के खर्चे से स्टेडियम में लाइटें लगवाई हैं। वहां प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने की वजह से खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पा रहे थे। इसको लेकर कई बार खेल विभाग में भी शिकायतें दर्ज कराईं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
शहर के जीटी रोड स्थित पंडित गोविंद वल्लभ पंत स्टेडियम में बास्केटबॉल कोर्ट पर प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने की वजह से खिलाड़ी परेशान थे। शाम के वक्त अंधेरा होने के बाद खिलाड़ी अभ्यास तक नहीं कर पा रहे थे। इसको लेकर खिलाड़ियों ने स्वयं के खर्चे पर लाइटें लगाने की जिम्मेदारी उठाई। खिलाड़ियों ने रुपए एकत्रित कर बास्केटबॉल कोर्ट पर तीव्र प्रकाश वाली 6 लाइटें लगवाई है।
करीब 15 हजार रुपये की लागत से यहां पर प्रकाश की व्यवस्था की है। इससे पहले खिलाड़ियों द्वारा कई बार खेल विभाग में लाइट लगाने के लिए अनुरोध किया गया लेकिन एक भी लाइट नहीं लगाई गई। अब खिलाड़ी सूर्य ढलने के बाद भी यहां पर अभ्यास कर पा रहे हैं।
कई बार खेल विभाग में लाइट लगाने के लिए अनुरोध किया गया लेकिन नहीं लग सकी। इसलिए लोगों ने रुपये एकत्रित कर लाइटें लगवा ली है जिससे अब यहां पर अभ्यास कर पा रहे हैं। -प्रशांत कुमार
सुबह के वक्त स्कूल जाते हैं। शाम को जल्दी अंधेरा हो जाता है जिससे अभ्यास नहीं कर पा रहे थे। आपस में रुपये एकत्रित कर लाइटें लगवाई हैं जिससे रात को अभ्यास कर पा रहे हैं। -आदित्य कुमार
स्टेडियम में हाईमास्ट लाइटें लगवाने के लिए जिलाधिकारी ने आरईडी को निर्देश दिए थे। आरईडी की ओर से यहां हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। -पूजा भट्ट, उप क्रीड़ाधिकारी