एटा के मिरहची क्षेत्र के ख्वाजगीपुर सरस्वती शिशु ज्ञान मंदिर में धार्मिक विवाद के कारण सोमवार को हंगामा हुआ। प्रधानाचार्य के माफी मांगे जाने पर मामला निपटा। मंगलवार को पुलिस बल की तैनाती में स्कूल खुला और पठन-पाठन हुआ।
अभिभावकों ने विद्यालय में हनुमान चालीसा पर रोक लगाने, देवी-देवताओं की तस्वीरें हटाने, हनुमानजी के चित्र के अनादर करने का आरोप लगाकर हंगामा किया था। अभिभावकों का कहना था कि प्रधानाचार्य रामनरेश शाक्य ने देवी-देवताओं की तस्वीरें हटवाकर गौतम बुद्ध की तस्वीर लगवा दी हैं।
इसकी जानकारी पर सीओ सदर संजय सिंह, एएसपी क्राइम योगेंद्र सिंह थाना फोर्स के साथ पहुंच गए थे। घटना के बाद शुक्रवार से बरेली में शिक्षकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण होने पर स्कूल बंद रहा था। सोमवार को स्कूल खुलने पर अभिभावकों ने हंगामा किया। इस पर पुलिस की मौजूदगी में प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से माफी मांगते हुए विवाद को खत्म किया। मंगलवार को विवाद की आशंका पर स्कूल में पुलिस की तैनाती रही।
चार दिन बाद स्कूल खुलते ही हुआ था हंगामा
थाना क्षेत्र के गांव ख्वाजगीपुर में संचालित सरस्वती ज्ञान मंदिर जूनियर हाईस्कूल में हनुमान जी का अपमान करने का आरोप है। इसे लेकर ग्रामीणों ने चार दिन बाद सोमवार काे खुले स्कूल का घेराव कर लिया था। प्रधानाचार्य ने बजरंग बली की मूर्ति के समक्ष माफी मांगी तब मामला शांत हुआ।
स्कूल में बजरंगबली के फोटो पर चांटा मारने का आरोप लगाते हुए लोगों ने 10 सितंबर को स्कूल पहुंचकर हंगामा किया था। इसके बाद से स्कूल बंद चल रहा था। सोमवार को स्कूल खुलने के बाद हिंदू संगठन के लोगों एवं बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल का फिर घेराव कर लिया था। उनका कहना था कि स्कूल के प्रधानाचार्य ने बजरंग बली का अपमान किया है। उनको सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
स्कूल गेट पर बढ़ती भीड़ और हंगामे को देखते हुए सूचना पुलिस को दे दी गई। शांति व्यवस्था के उद्देश्य से मिरहची एवं मारहरा थाना पुलिस ने पुलिस बल के साथ डेरा डाल दिया। इस बीच ग्रामीणों का कहना था कि स्कूल के प्रधानाचार्य ने वायरल वीडियो में खुले शब्दों में बजरंग बली का अपमान करते हुए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई थी।
10 सितंबर को स्कूल प्रशासन ने गोलमोल तरीके से माफी मांगी थी जिससे वह संतुष्ट नहीं हैं। प्रधानाचार्य स्कूल के सामने स्थित बजरंग बली की प्रतिमा पर माफी मांगें। हंगामा और घेराव के बाद विद्यालय के प्रबंधक सतीश कुमार एवं प्रधानाचार्य रामनरेश शाक्य ने सार्वजनिक तौर पर हाथ जोड़कर हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष माफी मांगी। गलती को लेकर खेद जताया था।
ये भी पढ़ें-
UP: बाइक पर पीछे बैठे निजी सहायक ने मारी थी दरोगा को गोली..बचने के लिए अपनाए हथकंडे; आजीवन कारावास की मिली सजा