एटा। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विभा चहल ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव एक चुनौती है। कारण, यह चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से होगा। इसके लिए जरूरी है कि कार्मिक गुणवत्तापूर्ण तरीके से प्रशिक्षण लें। इससे चुनाव प्रक्रिया को सरल बनाया जा सके। डीएम प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शुक्रवार को पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय सहित मारहरा एवं निधौलीकलां विकास खण्ड के जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट को जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार सिंह, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, डीआईओ एनआईसी संजय कुमार आदि द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
डीएम ने कहा कि पंचायत चुनाव में मतदान कार्मिकों का दायित्व महत्वपूर्ण है। सभी टीम भावना और व्यवस्थित ढंग से मतदान कराएं। किसी भी कार्मिक को डरने की जरूरत नहीं है, बिना भय के मतदान को आयोग की मंशानुरूप कराया जाए। मतदान प्रक्रिया के दौरान ऐसा कोई कार्य या आचरण न करें जिससे उनकी सत्यनिष्ठा पर उंगली उठ सके।
डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर मतदान दल का गठन किया गया है, इसके तहत पीठासीन अधिकारी मतदेय स्थल, बूथ के प्रभारी रहेंगे। इसके अलावा मतदान अधिकारी प्रथम को निर्वाचन नामावली के चिन्हित प्रति एवं अमित स्याही का प्रभार, मतदान अधिकारी द्वितीय को मतपत्र, ऐरोक्रॉस सील का प्रभारी तथा मतदान अधिकारी तृतीय को मतपेटी का प्रभारी बनाया गया है। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स, मिथलेश कुमार भी मौजूद रहे।